ड्राई डे का फायदा उठाकर शराब खपाने की तैयारी, 73,200 रुपये का मशरूका जब्त
बिलासपुर (चकरभाठा)। जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने एक युवक को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से देशी शराब का परिवहन करते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई। शराब परिवहन में इस्तेमाल बाइक समेत जब्त सामान की कुल कीमत 73,200 रुपये बताई गई है।
ड्राई डे में शराब खपाने की थी तैयारी
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चकरभाठा क्षेत्र में लगातार गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। इसी दौरान 3 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अचानकपुर निवासी एक युवक ड्राई डे का फायदा उठाकर चकरभाठा मार्केट क्षेत्र में अवैध शराब पहुंचाने की तैयारी में है।
सूचना के अनुसार युवक स्लेटी-काले रंग की बिना नंबर वाली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से सफेद प्लास्टिक के थैले में शराब लेकर जा रहा था।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान सावन आर्मो सांवरा (26 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 05, अचानकपुर, थाना चकरभाठा के रूप में की।
40 पाव देशी शराब बरामद
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में लटके सफेद थैले से 180 एमएल क्षमता वाली कुल 40 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 7,200 मिलीलीटर बताई गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
शराब और बाइक सहित 73,200 रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने मौके से 40 पाव देशी शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर वाली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 73,200 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्री राजेश जोशी के मार्गदर्शन में और थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में की गई।
अवैध शराब की सूचना पुलिस को देने की अपील
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध शराब की बिक्री, परिवहन या अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। नागरिक स्थानीय थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दे सकते हैं। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़




