राष्ट्रीय कमेंट्री वर्कशॉप में चमके छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि, सुशील मिश्रा और नागेंद्र सिंह ने सीखी कमेंट्री की बारीकियां

Advertisement

रायपुर/भुवनेश्वर। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) द्वारा ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 20 से 22 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कमेंट्री एवं एंकरिंग वर्कशॉप में छत्तीसगढ़ के खेल प्रतिनिधियों ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया। देशभर से चयनित 27 खेल विशेषज्ञों एवं खेल उद्घोषकों की इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़ से दो वरिष्ठ खेल पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

जांजगीर-चांपा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का प्रतिनिधित्व

कार्यशाला में सुशील मिश्रा, अध्यक्ष, जिला एथलेटिक्स संघ जांजगीर-चांपा और नागेंद्र सिंह, सचिव, जिला एथलेटिक्स संघ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। दोनों ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान खेल कमेंट्री और एंकरिंग से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी हासिल की।

लाइव कमेंट्री से लेकर एंकरिंग तक का प्रशिक्षण

कार्यशाला में प्रतिभागियों को ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं के दौरान लाइव कमेंट्री की शब्दावली, सही उच्चारण और आवाज पर नियंत्रण की तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही दर्शकों के बीच खेल का रोमांच बनाए रखने के लिए प्रभावी एंकरिंग और माइक्रोफोन संचालन के तौर-तरीके भी सिखाए गए।

तकनीकी विश्लेषण की बारीकियां सीखीं

प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी निर्णयों, खेल रिकॉर्ड और एथलीटों के प्रदर्शन का त्वरित एवं सटीक विश्लेषण प्रस्तुत करने की कला पर भी विशेष जोर दिया गया। राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को आधुनिक खेल प्रसारण की आवश्यकताओं के अनुरूप कमेंट्री को प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

खेल आयोजनों की गुणवत्ता में होगा सुधार

छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ के प्रवक्ता हेमंत सिंह परिहार ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से प्राप्त यह प्रशिक्षण राज्य में होने वाले एथलेटिक्स आयोजनों के स्तर और कमेंट्री की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर सुशील मिश्रा और नागेंद्र सिंह की सहभागिता छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति और तकनीकी विशेषज्ञता को आगे बढ़ाने में मददगार होगी।

इस उपलब्धि पर राज्य एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने सुशील मिश्रा एवं नागेंद्र सिंह को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

रिपोर्टर — अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Share This Article