भाई-बहनों के स्नेह के पर्व पर यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त रेल सुविधा, खरसिया में भी होगा ठहराव
बिलासपुर, 25 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग के बीच रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 27, 28 और 29 अगस्त 2026 को दोनों दिशाओं में संचालित होगी। ट्रेन के परिचालन से पर्व पर परिवार और प्रियजनों से मिलने जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
दुर्ग से रायगढ़ के लिए ट्रेन का समय
गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग-रायगढ़ रक्षाबंधन स्पेशल 27, 28 एवं 29 अगस्त को दुर्ग से सुबह 10.30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन मार्ग के सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए बिलासपुर 14.45 बजे, अकलतरा 15.27 बजे, जांजगीर-नैला 15.44 बजे, चांपा 15.55 बजे, बाराद्वार 16.13 बजे, सक्ती 16.59 बजे और खरसिया 17.16 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन रायगढ़ 19.00 बजे पहुंचेगी।
रायगढ़ से दुर्ग के लिए वापसी
वहीं, गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़-दुर्ग रक्षाबंधन स्पेशल 27, 28 एवं 29 अगस्त को रायगढ़ से शाम 19.40 बजे रवाना होगी। ट्रेन खरसिया 20.13 बजे, सक्ती 20.30 बजे, बाराद्वार 20.43 बजे, चांपा 21.00 बजे, जांजगीर-नैला 21.12 बजे, अकलतरा 21.25 बजे और बिलासपुर 22.20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह 02.00 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
खरसिया समेत सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव
रेलवे प्रशासन के अनुसार रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन को दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग मार्ग के सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इससे मार्ग के विभिन्न स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी पर्व के दौरान सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
10 कोच की होगी ट्रेन
इस स्पेशल ट्रेन में 08 सामान्य श्रेणी के कोच और 02 एसएलआरडी कोच, यानी कुल 10 कोच होंगे। रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की यह विशेष सेवा यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी।
रिपोर्टर — अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़




