₹36.33 लाख का गांजा बरामद, पुरी-सूरत एक्सप्रेस में चार ट्रॉली बैग से मिला मादक पदार्थ
बिलासपुर, 25 अगस्त 2026। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन नारकोस” के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में आरपीएफ गोंदिया की अपराध गुप्तचर शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 72.661 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 36 लाख 33 हजार 50 रुपये बताई गई है।
पुरी-सूरत एक्सप्रेस में पकड़े गए आरोपी
आरपीएफ को 24 अगस्त को गांजा तस्करी से संबंधित गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आरपीएफ क्राइम टीम, गोंदिया के अधिकारी और जवानों ने गाड़ी संख्या 22827 पुरी-सूरत एक्सप्रेस में दरेंकसा-गोंदिया के बीच जांच अभियान चलाया। इस दौरान कोच संख्या बी-5 में एक महिला और एक पुरुष यात्री चार ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में मिले।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम टूकु नायक (38) और ईश्वरी बेहरा उर्फ इशू (35) बताया। दोनों ओडिशा के बलांगीर जिले के कांटाभाजी के निवासी हैं।
चार ट्रॉली बैग से मिला 69 पैकेट गांजा
विधिवत तलाशी के दौरान आरोपियों के चारों ट्रॉली बैग से गांजे के 69 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 72.661 किलोग्राम पाया गया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 36.33 लाख रुपये आंकी गई है।
भुसावल ले जाया जा रहा था गांजा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा कांटाभाजी, ओडिशा से ट्रेन के माध्यम से भुसावल, महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पूछताछ के दौरान दोनों ने पूर्व में भी करीब 10 बार गांजा तस्करी करने की बात बताई। उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ ओडिशा के विभिन्न स्थानों में पूर्व के आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
जीआरपी गोंदिया ने दर्ज किया मामला
आरपीएफ ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद गांजे सहित आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी गोंदिया के सुपुर्द कर दिया। जीआरपी गोंदिया ने 25 अगस्त 2026 को अपराध क्रमांक 153/2026 दर्ज किया है। प्रकरण में धारा 8(c), 20(b)ii(c) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की विवेचना की जा रही है।
रेलवे में लगातार निगरानी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा ट्रेनों और रेलवे परिसरों में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आरपीएफ के माध्यम से लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। “ऑपरेशन नारकोस” के तहत की गई यह कार्रवाई रेलवे मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
रिपोर्टर — अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़


