पूर्व अर्धसैनिकों की अलायंस ने 12 नवंबर से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल का दिया नोटिस

Advertisement
Advertisement

नई दिल्ली। पूर्व अर्धसैनिकों के संगठन अलायंस ऑफ ऑल एक्स पैरामिलिट्री फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 12 नवंबर से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन के महासचिव रणबीर सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भूख हड़ताल के संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ और गृह मंत्री के कार्यालय ‘कर्तव्य भवन’ को नोटिस सौंपा गया है।

जवानों की समस्याओं को लेकर जताई चिंता

संगठन ने कहा कि चुनाव, बाढ़, भूकंप, दंगे-फसाद, धार्मिक यात्राओं और राजनीतिक रैलियों जैसी परिस्थितियों के कारण अर्धसैनिक बलों के जवानों पर लगातार ड्यूटी का दबाव बना रहता है। समय पर छुट्टियां नहीं मिलने, लंबे समय तक ड्यूटी करने और परिवार से दूर रहने के कारण जवानों में असंतोष और बेचैनी बढ़ रही है। संगठन ने घर के नजदीक पोस्टिंग, लंबे समय से लंबित पदोन्नति और पुरानी पेंशन बहाली जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया है।

प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मुलाकात की मांग

अलायंस के पूर्व एडीजी एचआर सिंह ने कहा कि संगठन की ओर से प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मुलाकात के लिए कई बार सैकड़ों ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि संगठन प्रतिनिधिमंडल को अपनी समस्याएं रखने के लिए कम से कम 20 मिनट का समय देने की मांग करता रहा है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।

पुरानी पेंशन और कैडर अधिकारियों के मुद्दे उठाए

संगठन ने पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग को प्रमुख मुद्दा बताया है। इसके अलावा करीब 13 हजार सीएपीएफ कैडर अधिकारियों को ऑर्गेनाइज्ड ग्रुप-ए सर्विस का दर्जा दिए जाने की मांग भी उठाई गई है। संगठन का कहना है कि इस संबंध में दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट द्वारा महत्वपूर्ण फैसले दिए जा चुके हैं।

अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड और झंडा दिवस कोष की मांग

अलायंस के कोषाध्यक्ष वी.एस. कदम ने राज्यों में अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि अर्धसैनिक बलों के कल्याण के लिए आवश्यक संस्थागत व्यवस्था और अर्धसैनिक झंडा दिवस कोष की स्थापना की दिशा में इच्छाशक्ति दिखाने की जरूरत है।

प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाने की उम्मीद

अलायंस के वाइस प्रेसिडेंट आनंद निम्बाडिया ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री जल्द ही संगठन के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाएंगे। उन्होंने कहा कि बातचीत के माध्यम से अर्धसैनिक परिवारों से जुड़े कल्याणकारी मुद्दों को सरकार के संज्ञान में लाकर उनके समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

संगठन ने स्पष्ट किया कि लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 12 नवंबर से जंतर-मंतर पर प्रस्तावित भूख हड़ताल के लिए आवश्यक नोटिस संबंधित कार्यालयों को दिया जा चुका है।

— रणबीर सिंह, महासचिव
अलायंस ऑफ ऑल एक्स पैरामिलिट्री फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन

Advertisement
Share This Article