नशे के सौदागरों पर चकरभाठा पुलिस का शिकंजा, 60 लीटर महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

पिरैया में मिडिल स्कूल के पास दबिश, 4 डिब्बों में भरी कच्ची महुआ शराब जब्त

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय
बिलासपुर, छत्तीसगढ़

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने ग्राम पिरैया में कार्रवाई करते हुए 60 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा सीएसपी राजेश कुमार जोशी के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 23 अगस्त को चकरभाठा पुलिस को मुखबिर से ग्राम पिरैया में अवैध शराब रखे जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव के मिडिल स्कूल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।

4 डिब्बों में मिली 60 लीटर महुआ शराब

पुलिस ने मौके से 21 वर्षीय गौरी शंकर बघेल उर्फ पोडो, निवासी पिरैया, थाना चकरभाठा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15-15 लीटर क्षमता वाले चार पीले प्लास्टिक डिब्बे बरामद हुए। इनमें कुल 60 लीटर हाथ भट्ठी से बनी कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी।

पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया।

आरोपी को भेजा गया जेल

पुलिस के मुताबिक धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज करने के बाद आरोपी गौरी शंकर बघेल उर्फ पोडो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने लोगों से की अपील

चकरभाठा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध शराब, नशे के कारोबार या अन्य असामाजिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Advertisement
Share This Article