पेंशनर समाधान शिविर में 20 मामलों का त्वरित निराकरण, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को मिली राहत

Advertisement

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा सेवानिवृत्त रेलकर्मियों एवं पारिवारिक पेंशनधारकों की समस्याओं के समाधान के लिए पेंशनर समाधान शिविर-2026 का आयोजन किया गया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी कार्यालय, बिलासपुर के सभा कक्ष में आयोजित शिविर में पेंशन एवं सेवानिवृत्ति उपरांत देय लाभों से संबंधित सभी 20 मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए लगा शिविर

शिविर का उद्देश्य सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और पारिवारिक पेंशनधारकों को पेंशन, सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले भुगतान तथा अन्य संबंधित मामलों के निराकरण के लिए सुविधाजनक मंच उपलब्ध कराना था। शिविर में कुल 20 आवेदन प्राप्त हुए।

सभी 20 प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण

प्राप्त आवेदनों की मंडल कार्मिक अधिकारी श्री यू. शिव शंकर राव एवं सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी श्री भास्कर गुहा सहित कार्मिक एवं वित्त विभाग के पर्यवेक्षकों ने समीक्षा की। संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच के बाद आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूरी की गई।

रेलवे के निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप शिविर के दौरान ही सभी 20 मामलों का त्वरित निराकरण कर दिया गया। इस तरह प्राप्त सभी प्रकरणों का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया गया।

पेंशनधारकों को सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का मिला अवसर

शिविर के आयोजन से सेवानिवृत्त रेलकर्मियों एवं पारिवारिक पेंशनधारकों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने और उनका समाधान प्राप्त करने की सुविधा मिली।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

Share This Article