बिलासपुर। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ सात दिवसीय खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान सम्पन्न हो गया। अभियान के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 19 फर्मों का निरीक्षण किया और 15 विधिक तथा 4 निगरानी नमूने लिए। विभिन्न दुकानों से 117 किलोग्राम मिठाई जब्त कर नष्ट कराई गई।

दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस-पंजीयन निलंबित
कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन और नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर चलाए गए अभियान में अस्वास्थ्यकर एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई।

मेसर्स श्रीराम स्वीट्स, नगपुरा, सिरगिट्टी, बिलासपुर में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाए जाने पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। वहीं मेसर्स प्रबल फूड प्रोडक्ट, दुमानी, मस्तूरी का पंजीयन निलंबित कर प्रतिष्ठान को बंद कराया गया।
102 किलो श्री बर्फी-मिक्स जब्त
अभियान के दौरान मेसर्स पवन ट्रेडर्स, व्यापार विहार से 102 किलोग्राम श्री बर्फी-मिक्स जब्त कर प्रकरण तैयार किया गया। वहीं श्रीराम स्वीट्स, नगपुरा, सिरगिट्टी से लगभग 15 किलोग्राम बर्फी नष्ट कराई गई।
इसके अलावा मेसर्स कमलेश जनरल स्टोर, रानीगांव से शिव गंगा नमकीन का नमूना लिया गया। भ्रामक दावे के आधार पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। इससे पहले 14 अगस्त को मेसर्स मद्रासी रेस्टोरेंट, बिलासपुर का लाइसेंस भी अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाए जाने पर निलंबित किया गया था।
खाद्य सुरक्षा को लेकर लोगों को किया जागरूक
अभियान के दौरान कार्रवाई के साथ ही आम नागरिकों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय लेबल की जानकारी पढ़ने, अत्यधिक रंगीन खाद्य पदार्थों से बचने और खाद्य सामग्री को स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई।
खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि अभियान समाप्त होने के बाद भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर निरीक्षण एवं कार्रवाई जारी रहेगी। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए निगरानी और तेज की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी श्री आर.आर. देवांगन के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री खीरसागर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री अविषा मरावी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री प्रतीक तिवारी की टीम द्वारा की गई।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़




