रायगढ़। वित्तीय धोखाधड़ी और साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के दूसरे सप्ताह में रायगढ़ पुलिस ने विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। 23 से 29 अगस्त तक चल रहे अभियान के तहत पुलिस टीमों ने बैंक और शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर करीब 500 नागरिकों एवं विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी।

बैंक पहुंचकर खाताधारकों को किया जागरूक
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में थाना चक्रधरनगर की टीम ने कृषि विकास शाखा SBI चक्रधरनगर एवं SBI चक्रधरनगर तथा थाना पुसौर की टीम ने SBI पुसौर में बैंकिंग कार्य के लिए पहुंचे नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए।

पुलिस ने लोगों को UPI फ्रॉड, फर्जी कॉल और मैसेज, OTP व PIN साझा करने के खतरे, QR कोड के जरिए होने वाली ठगी और संदिग्ध लिंक से बचने के प्रति जागरूक किया। साथ ही साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। बैंक परिसरों में आयोजित कार्यक्रमों से करीब 300 नागरिक लाभान्वित हुए।
कॉलेज में 200 विद्यार्थियों को दी साइबर सुरक्षा की जानकारी
इसी क्रम में थाना लैलूंगा पुलिस की टीम ने कुंजारा कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यहां करीब 200 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को साइबर जागृति अभियान के तहत दिए गए कोड को स्कैन कर सेल्फी लेने और इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
लगातार जारी रहेगा जागरूकता अभियान
रायगढ़ पुलिस की टीमों ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 500 नागरिकों एवं विद्यार्थियों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


