ईश्वर गोंड हत्याकांड: 3 महीने से फरार अंतिम आरोपी अनिल शर्मा गिरफ्तार, जेल भेजा गया

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित ईश्वर गोंड हत्याकांड में पुलिस ने करीब तीन महीने से फरार चल रहे अंतिम आरोपी अनिल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इसके साथ ही मामले में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है।

पुरानी रंजिश में की गई थी मारपीट

घटना 29 मई 2026 की है। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने ईश्वर गोंड के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। गंभीर चोटों के चलते ईश्वर गोंड की मौत हो गई। मामले में तोरवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 280/2026 दर्ज कर धारा 105 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की थी।

पहले तीन आरोपियों की हो चुकी थी गिरफ्तारी

घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोज वाडेकर और प्रत्युन साह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। इसके बाद 20 अगस्त 2026 को तीसरे फरार आरोपी संतोष पासवान को गिरफ्तार किया गया।

तीन महीने से फरार था अनिल शर्मा

मामले का अंतिम फरार आरोपी अनिल शर्मा (24 वर्ष), पिता मन्नु शर्मा, निवासी देवरीखुर्द, तोरवा पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था। 23 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी

अनिल शर्मा को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के साथ मामले में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article