बिलासपुर। शहर में कानून व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तोरवा पुलिस ने आदतन बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार दोपहर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि एक अन्य निगरानी बदमाश के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में इस्तगासा पेश किया गया है।
देवरीखुर्द और देवरीडीह में चला चेकिंग अभियान
पुलिस के मुताबिक तोरवा थाना क्षेत्र में शांति भंग करने और संदिग्ध गतिविधियों में सक्रिय रहने की सूचना पर देवरीखुर्द और देवरीडीह क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन आदतन बदमाशों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।
जेल भेजे गए आरोपियों का विवरण
- दीपक निर्मलकर (32 वर्ष), पिता सुरेश निर्मलकर, निवासी देवरीखुर्द, तोरवा।
- ईशरू ध्रुव (24 वर्ष), पिता रामरतन ध्रुव, निवासी सोनू पान ठेला के पास, देवरीडीह, तोरवा।
- आकाश तांबे (23 वर्ष), पिता राजू तांबे, निवासी सोनू पान ठेला के पास, देवरीडीह, तोरवा।
एक अन्य निगरानी बदमाश पर इस्तगासा
इसी अभियान के तहत निगरानी बदमाश समीर वर्मन के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने उसका इस्तगासा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
असामाजिक तत्वों पर जारी रहेगी कार्रवाई
तोरवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के साथ विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़




