राउरकेला। सर्किट हाउस से हथियार और जिंदा कारतूस बरामदगी के मामले में पुलिस ने दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज गुप्ता और आदर्श साहू के रूप में हुई है। दोनों को फरार चल रहे प्रकाश पासवान का करीबी बताया जा रहा है।
जांच में प्रकाश पासवान की भूमिका सामने आने का दावा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान फरार प्रकाश पासवान की कथित भूमिका भी सामने आई है। पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि पासवान ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों के लिए सर्किट हाउस को कथित तौर पर ठिकाने के रूप में उपलब्ध कराने में भूमिका निभाई।
आधा दर्जन संदिग्धों से पूछताछ
पुलिस ने पासवान द्वारा इस्तेमाल की जा रही कार के मालिक मोहम्मद मोहीम उर्फ आदिल सहित गोपबंधुपाली क्षेत्र में उसके रिश्तेदार और अन्य करीब आधा दर्जन संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच में बालू कारोबार से जुड़े समूहों से संरक्षण के बदले कथित वसूली, रंगदारी और मवेशी तस्करी से जुड़े संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
दिल्ली और झारखंड तक पुलिस की टीमें सक्रिय
पुलिस अब फरार प्रकाश पासवान की तलाश में जुटी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए ओडिशा के विभिन्न इलाकों के अलावा दिल्ली और झारखंड में भी पुलिस टीमों को भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार जांच में यह भी पता चला है कि 14 अगस्त की देर रात हुई छापेमारी के दौरान पासवान सर्किट हाउस में मौजूद था।
छह आरोपी पहले से जेल में
मामले में विकास डुंगरी (प्लांट साइट) को छोड़कर सागर साहू, नारायण साहू और राजेश साहू (आस्का, गंजाम), करतार सिंह (गांधी रोड, बिसरा चौक), राजेश श्रीवास्तव और विक्की शर्मा (बिसरा चौक) पहले से जेल में हैं।
