Janjgir-Champa News : ग्राउंड जीरो पर कलेक्टर, स्वच्छता व्यवस्था का औचक निरीक्षण; बिना सेग्रीगेशन कचरा देने वालों पर लगेगा जुर्माना

Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय
संवाददाता, छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-नैला नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की स्थिति देखने कलेक्टर जन्मेजय महोबे रविवार को खुद फील्ड में पहुंचे। उन्होंने खोखरा सहित वार्ड क्रमांक 1, 4 और 18 स्थित एसएलआरएम (मणिकंचन) केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था और कचरे के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया गया।

खोखरा एसएलआरएम सेंटर में डंपिंग पर रोक
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खोखरा एसएलआरएम सेंटर में अनियंत्रित तरीके से कचरा डंप किए जाने पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सेंटर में पहले से जमा कचरे का नियमानुसार वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

बिना सेग्रीगेशन कचरा देने पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बाजार क्षेत्रों से पृथक किया हुआ कचरा ही लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना सेग्रीगेशन के कचरा देने वाले दुकानदारों को पहले समझाइश दी जाए और नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माने की कार्रवाई की जाए।

सड़कों और नालियों में कचरा फेंकने वालों पर नजर
सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और नालियों में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ नियमित निगरानी और चालानी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को लगातार फील्ड मॉनिटरिंग करने को कहा।

स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा पर विशेष जोर
एसएलआरएम केंद्रों में काम करने वाली स्वच्छता दीदियों से कलेक्टर ने बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सभी स्वच्छता कर्मियों को ग्लव्स, मास्क, सेफ्टी शूज और आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश
कलेक्टर ने स्वच्छता दीदियों और फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने को भी कहा, ताकि उनके स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच हो सके।

नागरिकों से कचरा अलग-अलग देने की अपील
वार्ड क्रमांक 18 में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने नागरिकों से स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि घरों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित अलग-अलग श्रेणियों में अलग कर नगर पालिका की कचरा गाड़ी को सौंपा जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पार्षद दिनेश राठौर, एसडीएम सुब्रत प्रधान सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पार्षद दिनेश राठौर, एसडीएम सुब्रत प्रधान सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article