जशपुर। पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ के निर्देश और डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत 22 अगस्त को व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एक ही दिन में जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों के 358 स्थानों पर अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 30,444 सदस्य जुड़े।
स्कूल-कॉलेज से ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचा संदेश
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थानों के अलावा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और यातायात नियमों की जानकारी दी।
NES कॉलेज में DIG-SSP ने विद्यार्थियों को किया संबोधित
जिला मुख्यालय स्थित शासकीय राम भजन राय एनईएस कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने की अपील की।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बिना हेलमेट दोपहिया वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया गया। एसएसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
करियर को लेकर भी दिए टिप्स
विद्यार्थियों को बेहतर करियर निर्माण के लिए लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर मेहनत पर ध्यान देने की सलाह दी गई। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाक्रम, विषयवार अध्ययन और नियमित रिवीजन को महत्वपूर्ण बताया गया।
गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं को किया जागरूक
शासकीय गर्ल्स कॉलेज जशपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, UPI फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर सावधान किया। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
थाना क्षेत्रवार जुड़े सदस्य
- जशपुर — 3,510
- बगीचा — 3,186
- पत्थलगांव — 3,132
- तपकरा — 2,975
- कांसाबेल — 2,569
- तुमला — 2,494
- बागबहार — 2,347
- लोदाम — 2,339
- फरसाबहार — 1,929
- आस्ता — 1,834
- कुनकुरी — 1,454
- दुलदुला — 1,285
- नारायणपुर — 1,000
- सन्ना — 390
‘साइबर सेल्फी’ के जरिए जागरूकता का संदेश
अभियान के दौरान विद्यार्थियों और युवाओं को “साइबर सेल्फी” अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें “मैं जागरूक हूं, आप भी जागरूक बनें” का संदेश आगे बढ़ाने की अपील की गई।
5 से 10 लोगों को जागरूक करने की अपील
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के नागरिकों और युवाओं से अपील की कि वे स्वयं साइबर जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के कम से कम 5 से 10 लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि एक जागरूक नागरिक की पहल कई लोगों को साइबर अपराध से सुरक्षित रखने में मदद कर सकती है।




