पूर्व रंजिश में मारपीट से मौत के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, कोलकाता समेत कई राज्यों में छिपकर काट रहा था फरारी

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

बिलासपुर। पूर्व रंजिश को लेकर मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में फरार चल रहे आरोपी को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पेशे से अधिवक्ता है और घटना के बाद से कोलकाता सहित अन्य राज्यों में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने उसे 20 अगस्त 2026 को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पूर्व रंजिश में की गई थी मारपीट

पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को संतोष पासवान ने अपने अन्य साथियों के साथ पूर्व रंजिश के चलते परिचित ईश्वर गोड के साथ मारपीट की थी। मारपीट में ईश्वर गोड को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तोरवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 280/2026 के तहत धारा 105, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में शामिल आरोपी मनोज वाडेकर और प्रत्युन साह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपी संतोष पासवान घटना के बाद फरार हो गया था।

कोलकाता और अन्य राज्यों में छिपा था आरोपी

पुलिस के अनुसार घटना के बाद संतोष पासवान लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और कोलकाता सहित अन्य राज्यों में छिपकर रह रहा था। पुलिस टीम उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने परिवार से मिलने के लिए घर आने वाला है। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से उसके घर पर दबिश दी और 20 अगस्त को संतोष पासवान को गिरफ्तार कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश अभी जारी है।

Advertisement
Share This Article