बिहान योजना की समीक्षा: स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

Advertisement
Advertisement

रायगढ़, 20 अगस्त 2026। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे ने जनपद पंचायत रायगढ़ में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने सखी-सहेली संकुल संगठन लोईंग की बैठक लेकर निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अधिक से अधिक आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।

बैंक ऋण का सही उपयोग कर बढ़ाएं महिलाओं की आय

समीक्षा बैठक में बैंक क्रेडिट लिंकेज, उद्यम वित्त ऋण, चक्रीय निधि और सामुदायिक निवेश निधि सहित विभिन्न वित्तीय गतिविधियों की जानकारी ली गई। सीईओ ने उपलब्ध राशि का उद्देश्यपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करते हुए महिलाओं को स्थायी आय के साधनों से जोड़ने पर जोर दिया।

उन्होंने महिला किसान सशक्तीकरण परियोजना, उत्पादक समूहों और अन्य आजीविका आधारित गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

अभिलेखों का किया निरीक्षण

बैठक के दौरान सखी-सहेली संकुल संगठन की गतिविधियों और समूहों से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली गई। विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए सीईओ ने रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

सीएलएफ पदाधिकारियों से लिया कार्यों का फीडबैक

अभिजीत बबन पठारे ने संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) के पदाधिकारियों से उनके कार्यों और जिम्मेदारियों की जानकारी ली। उन्होंने संगठन को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने के लिए बेहतर प्रबंधन, नियमित समीक्षा और समूहों की जरूरत के अनुसार गतिविधियों को गति देने के सुझाव दिए।

महतारी सदन के बेहतर उपयोग पर जोर

सीईओ ने सखी-सहेली संकुल संगठन से जुड़े महतारी सदन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने इसे महिलाओं की बैठकों, प्रशिक्षण, क्षमता विकास और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों के लिए अधिकतम उपयोग में लाने के निर्देश दिए, ताकि यह केंद्र स्व-सहायता समूहों के लिए उपयोगी संसाधन बन सके।

उत्कृष्ट कार्य के लिए किरण पटेल सम्मानित

समीक्षा बैठक के दौरान सखी-सहेली संकुल संगठन में बेहतर कार्य और योगदान के लिए कलस्टर पीआरपी किरण पटेल को सम्मानित किया गया।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं बिहान योजना प्रभारी महेश पटेल, ग्राम पंचायत लोईंग की सरपंच मीनाक्षी गुप्ता, जिला एवं जनपद स्तर के बिहान योजना से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी तथा संकुल स्तरीय संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
Share This Article