अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, छत्तीसगढ़
बिलासपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटा पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोटा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1, सूदन पारा में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने सूदन पारा में दबिश देकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
1 किलो गांजा बरामद
पुलिस ने आरोपी की पहचान हीरो नेताम, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 1 सूदन पारा, कोटा के रूप में की है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत करीब 50,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक गोपाल प्रसाद खांडेकर, आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक नंद कुमार यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, आरक्षक अनिल साहू और आरक्षक शैलेन्द्र साहू की विशेष भूमिका रही।




