बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा यात्रियों को आधुनिक डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से “रेलवन ऐप” के व्यापक प्रचार-प्रसार का अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मंडल वाणिज्य विभाग लगातार लोगों को इस ऐप की उपयोगिता से अवगत करा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को बिलासपुर स्थित आर्यभट्ट कोचिंग सेंटर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षकों एवं स्पेशल टीम ने छात्र-छात्राओं को रेलवन ऐप की विशेषताओं और उपयोगिता की जानकारी दी तथा इसे अपने मोबाइल में डाउनलोड कर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान कई छात्रों ने ऐप डाउनलोड कर इसकी सुविधाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में बताया गया कि रेलवन ऐप के माध्यम से यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की लाइव लोकेशन, रेल मदद (Rail Madad) के जरिए शिकायत एवं सुझाव दर्ज करने, ऑनलाइन कैटरिंग सहित रेलवे की कई डिजिटल सेवाएं उपलब्ध होती हैं।
इसके अलावा, ऐप के माध्यम से स्वीकृत डिजिटल भुगतान विकल्पों से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत तक की छूट भी दी जा रही है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि रेलवन ऐप यात्रियों को तेज, सुरक्षित और पारदर्शी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराता है, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक बनती है। उन्होंने अधिक से अधिक यात्रियों से इस ऐप का उपयोग कर रेलवे की डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)




