रिपोर्ट by अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
दिनांक : 04/08/2026
करीब 100 से अधिक सदस्यों की बैठक में कई प्रस्ताव पारित, कलेक्टर और सहायक पंजीयक को सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब में सोमवार को आयोजित पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक में संस्था के संविधान के कथित उल्लंघन, पदाधिकारियों के प्रभार परिवर्तन, वित्तीय पारदर्शिता और कार्यप्रणाली को लेकर सदस्यों ने नाराजगी जताई। स्व. डीपी चौबे प्रेस ट्रस्ट भवन, ईदगाह चौक में आयोजित बैठक में करीब 100 से अधिक पत्रकार सदस्य शामिल हुए। बैठक में संस्था की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की सर्वोच्चता बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
सचिव और कोषाध्यक्ष का प्रभार बदलने की कार्रवाई का विरोध
बैठक में सदस्यों ने 31 जुलाई 2026 को प्रेस क्लब के चार पदाधिकारियों द्वारा सचिव संदीप करिहार और कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह का प्रभार बदले जाने के निर्णय को संविधान के विपरीत बताया। सदस्यों का कहना था कि किसी निर्वाचित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए संस्था के संविधान में निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना जरूरी है।
सामान्य सभा को अधिकार देने की उठी मांग
वरिष्ठ पत्रकार कमलेश शर्मा, अमिताभ तिवारी और भास्कर मिश्रा ने कहा कि कार्यकारिणी को वापस बुलाने या किसी निर्वाचित पदाधिकारी के अधिकारों में बदलाव जैसे महत्वपूर्ण फैसले लेने का अधिकार सामान्य सभा को है। उन्होंने संस्था में लोकतांत्रिक प्रक्रिया बनाए रखने पर जोर दिया।
अध्यक्ष का प्रभार बदलने का प्रस्ताव रखा गया
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ तिवारी ने अध्यक्ष अजीत मिश्रा पर संविधान के विपरीत कार्य करने का आरोप लगाते हुए उनका प्रभार बदलने का प्रस्ताव रखा। मौजूद सदस्यों ने तालियों और मेज थपथपाकर इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
प्रेस क्लब भवन में कथित दुर्व्यवहार का मामला उठा
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार कलवानी ने प्रेस क्लब भवन में गैर सदस्य सैयद जफर द्वारा उनके साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला उठाया। इस पर सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए प्रेस क्लब की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग
सचिव संदीप करिहार और कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें अब तक पद का विधिवत प्रभार नहीं सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब की कार्यवाही पुस्तिका अध्यक्ष के पास है। साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस से प्राप्त शुल्क राशि को लेकर भी सवाल उठाए गए और संस्था के आय-व्यय की पारदर्शी जांच की मांग की गई।
सामान्य सभा नहीं बुलाने पर भी उठे सवाल
बैठक में सदस्यों ने कहा कि 29 दिसंबर 2025 को नई कार्यकारिणी के गठन के बाद अब तक सामान्य सभा आयोजित नहीं की गई है। इसके चलते वार्षिक आय-व्यय, लेखा-जोखा और अन्य प्रतिवेदन सदस्यों के सामने प्रस्तुत नहीं किए गए।
कलेक्टर और सहायक पंजीयक को सौंपा ज्ञापन
बैठक के बाद सचिव संदीप करिहार और कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह के नेतृत्व में 50 से अधिक पत्रकारों ने कलेक्टर बिलासपुर और फर्म एवं संस्थाएं विभाग के सहायक पंजीयक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच, 31 जुलाई के निर्णय पर रोक लगाने और वित्तीय अभिलेखों की जांच की मांग की गई।
वित्तीय दस्तावेजों की जांच की मांग
ज्ञापन में प्रेस क्लब के बैंक खाते, बैंक स्टेटमेंट, कैश बुक, रसीद पुस्तिका, आय-व्यय रजिस्टर, वाउचर और कार्यवाही पुस्तिका सहित सभी वित्तीय दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग भी की गई है।
कलेक्टर ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन
पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार शाम कलेक्टर संजय अग्रवाल से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। वहीं सहायक पंजीयक फर्म एवं संस्थाएं, बिलासपुर संभाग ने भी ज्ञापन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए समय मांगा है।




