ऑपरेशन नारकोस के तहत कार्रवाई, 11 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

राउरकेला। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस (NARCOS) के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। आरपीएफ टीम ने राउरकेला रेलवे स्टेशन से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 11 किलो गांजा बरामद किया है।

संदिग्ध हालत में घूम रहे थे आरोपी

जानकारी के अनुसार 3 अगस्त 2026 को आरपीएफ टीम ‘B’, आरपीएफ पोस्ट राउरकेला और सीआईबी चक्रधरपुर की टीम रेलवे स्टेशन पर नशीले पदार्थों के खिलाफ जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के झारसुगुड़ा छोर पर दो लोग संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए।

जांच में बैग से मिला गांजा

संदेह के आधार पर आरपीएफ जवानों ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान सपना चौधरी (34 वर्ष), निवासी जबलपुर (मध्य प्रदेश) और अकील मजीद (42 वर्ष), निवासी जबलपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। उनके बैग की जांच करने पर उसमें गांजा बरामद किया गया।

झारसुगुड़ा से जबलपुर ले जा रहे थे गांजा

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने झारसुगुड़ा से गांजा लिया था और उसे जबलपुर ले जा रहे थे। आरपीएफ टीम ने बरामद गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग राउरकेला को सौंप दिया।

5.50 लाख रुपये का गांजा जब्त

आबकारी विभाग राउरकेला ने मामले में अपराध क्रमांक 121/26-27 दिनांक 03 अगस्त 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त गांजे का वजन 11 किलो है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका

इस कार्रवाई में आरपीएफ टीम ‘B’ राउरकेला के उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, आरपीएफ पोस्ट राउरकेला के उप निरीक्षक राजेश कुमार, सीआईबी चक्रधरपुर के उप निरीक्षक एस. मणि, हेड कांस्टेबल राजकुमार साहू, मुकेश साहू, आर.पी. सिंह, आर.बी.एम. कृष्णा तथा कांस्टेबल के.के. आदित्य (डॉग मोंटी के साथ) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement
Share This Article