राउरकेला, 1 अगस्त। ओडिशा पुलिस की राउरकेला सेक्टर-19 थाना पुलिस ने बैंक से पैसे निकालकर लौट रही महिला से बैग छीनने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, बाइक समेत अन्य सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को बिसरा क्षेत्र निवासी श्रीमती सुको ओराम (50) बैंक ऑफ इंडिया, सेक्टर-19 शाखा से पैसे निकालकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उनके हाथ से बैग छीन लिया और फरार हो गए। बैग में 4,100 रुपये नकद, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज रखे थे। पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-19 थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी पकड़े गए
जांच के दौरान पुलिस ने सूरज चौधरी उर्फ चिंटू (26) निवासी कल्याणी बस्ती, सेक्टर-1, राउरकेला को गिरफ्तार किया। उसके साथ इस वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया।
नकदी, 8 मोबाइल और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15,900 रुपये नकद, एक हीरो होंडा HF डीलक्स मोटरसाइकिल (OR-14X-3288), 8 मोबाइल फोन, एक चांदी की पायल और टाइटन की कलाई घड़ी बरामद की है।




