रामानुजनगर को मिली ढाई करोड़ रुपये की सौगात, बनेगा सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन
सूरजपुर । प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के रामानुजनगर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने रामानुजनगर में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
इस स्वीकृति से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को भविष्य में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। बताया गया है कि लंबे समय से रामानुजनगर क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस संबंध में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी द्वारा शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उनके प्रयासों के बाद विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधान के अंतर्गत नए अस्पताल भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा नया भवन
स्वीकृत राशि से बनने वाला नया अस्पताल भवन आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसके निर्माण के बाद मरीजों के लिए बेहतर उपचार व्यवस्था, जांच सुविधाओं का विस्तार, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा अस्पताल के आधारभूत ढांचे में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे रामानुजनगर सहित आसपास की अनेक ग्राम पंचायतों के लोगों को उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।*क्षेत्रवासियों में खुशी*
अस्पताल भवन की स्वीकृति की खबर सामने आते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए शासन और विधायक के प्रयासों की सराहना की।
विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि रामानुजनगर में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण से ग्रामीणों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए ऐसे प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।




