स्कूलों और प्रमुख मार्गों पर चला यातायात पुलिस का विशेष अभियान, अभिभावकों को दी गई कड़ी समझाइश
रायगढ़। शहर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने के उद्देश्य से रायगढ़ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान स्कूलों के आसपास, प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर सघन वाहन जांच की गई।
16 नाबालिग वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई
जांच के दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के दोपहिया वाहन चलाते पाए गए 16 नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर ही संबंधित नाबालिगों के अभिभावकों को बुलाया और उन्हें भी कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जानकारी दी।
अभिभावकों को दी गई सख्त चेतावनी
यातायात पुलिस ने अभिभावकों को समझाइश देते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना कानूनन अपराध है। इससे आर्थिक दंड के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है। पुलिस ने अभिभावकों को भविष्य में किसी भी परिस्थिति में बच्चों को वाहन नहीं सौंपने की सख्त हिदायत दी।
नाबालिग वाहन चालक बनते हैं हादसों का कारण
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों द्वारा तेज रफ्तार और बिना अनुभव के वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता है। इससे न केवल नाबालिगों की जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। इसी को देखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने की अभिभावकों से अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिगों के हाथों में वाहन देना केवल कानून का उल्लंघन नहीं है, बल्कि उनके जीवन और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने से रोकें और सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।




