मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट ने रायगढ़ में आयोजित किया संपर्क कार्यक्रम, पेंशन और स्पर्श पोर्टल संबंधी शिकायतों का हुआ निराकरण
रायगढ़। मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट द्वारा रायगढ़ में भूतपूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों के लिए मिशन निरंतर मिलाप के तहत संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की पेंशन संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना था।
40 पूर्व सैनिकों एवं आश्रितों ने लिया हिस्सा
आयोजित कार्यक्रम में जिले के लगभग 40 पूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं उनके आश्रित शामिल हुए। इस दौरान पेंशन एवं स्पर्श पोर्टल से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई कर कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। साथ ही पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
पूर्व सैनिकों के कल्याण योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट के रिकॉर्ड्स विभाग के प्रतिनिधियों की टीम उपस्थित रही। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त) कमांडर हरीश चंद्र तिवारी ने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
निवास क्षेत्र में ही समाधान उपलब्ध कराना उद्देश्य
अधिकारियों ने बताया कि मिशन निरंतर मिलाप का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को पेंशन एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत देना है। इस अभियान के माध्यम से उनके निवास क्षेत्र के नजदीक ही सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
देश के मध्य एवं पूर्वी क्षेत्र को कवर करने वाले इस अभियान के चौथे चरण का शुभारंभ 17 जून 2026 को मेजर जनरल आर. प्रेम राज कुमार, एसएम, वीएसएम, एडीजी मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री द्वारा किया गया था।
एक माह तक चलेगा सहायता अभियान
यह अभियान लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. शेखावत, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम, सीओएस मुख्यालय एसडब्ल्यूसी एवं मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट के कर्नल के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। अभियान का नेतृत्व ब्रिगेडियर पी. सुनील कुमार, एसएम द्वारा किया जा रहा है, जबकि संचालन लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक कुमार, मुख्य अभिलेख अधिकारी कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने स्पर्श पोर्टल सहित विभिन्न पेंशन मामलों का निराकरण किया। अधिकारियों ने बताया कि मिशन निरंतर मिलाप अभियान देशभर में एक माह तक संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को लाभ मिल सके।




