नागपुर, 31 जुलाई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को नागपुर मंडल का व्यापक निरीक्षण कर रेल सुरक्षा, परिचालन, स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’, स्टेशन विकास तथा विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास एवं संरक्षा कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
कन्हान स्टेशन पर ‘कवच’ प्रणाली का निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से हुई, जहां मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने महाप्रबंधक का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कन्हान स्टेशन पर पैनल रूम, रिले रूम, स्टेशन पैनल, टावर और ‘कवच’ प्रणाली से जुड़े सिग्नल एवं दूरसंचार उपकरणों का निरीक्षण किया।
महाप्रबंधक ने संरक्षा उपकरणों के नियमित निरीक्षण और अनुरक्षण पर विशेष जोर देते हुए सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोको ट्रायल का किया अवलोकन
महाप्रबंधक ने ‘कवच’ प्रणाली से सुसज्जित लोको के डाउन और अप ट्रायल का भी प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल की स्वदेशी ‘कवच’ प्रणाली भविष्य की सुरक्षित रेल संचालन व्यवस्था की आधारशिला है और इसका तेजी से विस्तार रेल सुरक्षा को नई मजबूती देगा।
कामठी स्टेशन और समपार फाटकों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कामठी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही समपार फाटकों पर स्थापित ‘कवच’ प्रणाली एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा
निरीक्षण के बाद नागपुर मंडल सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में ‘कवच’ परियोजना, सिग्नल एवं दूरसंचार कार्य, रोड ओवर ब्रिज (ROB), रोड अंडर ब्रिज (RUB), स्टेशन विकास, समपार फाटक इंटरलॉकिंग, परिचालन व्यवस्था, क्रू प्रबंधन और यात्री सुविधाओं सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
सुरक्षा और समयपालन सर्वोच्च प्राथमिकता
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, समयपालन और उत्कृष्ट सेवाएं भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने सभी विभागों को संरक्षा कार्यों, ‘कवच’ प्रणाली के विस्तार, आधारभूत संरचना परियोजनाओं के समयबद्ध निष्पादन तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय के विभागाध्यक्ष तथा नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





