डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय समावेशन और साइबर सुरक्षा को लेकर ग्राहकों को किया गया जागरूक
बीजापुर। बैंक ऑफ बड़ौदा का 119वाँ स्थापना दिवस सोमवार को बीजापुर, गंगालूर और तर्रेम शाखाओं में उत्साह एवं गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित ग्राहक सम्मान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों का स्वागत किया तथा बैंक की विभिन्न योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय समावेशन से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी।
ग्राहकों को दी आधुनिक बैंकिंग सेवाओं की जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा बीजापुर शाखा के प्रबंधक सुनील कुमार पोल एवं गंगालूर शाखा के प्रबंधक राज रोशन ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा पिछले 119 वर्षों से देशवासियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं को पहले से अधिक सरल, तेज और सुरक्षित बनाया गया है।
डिजिटल बैंकिंग और योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में ग्राहकों को मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम, कैश डिपॉजिट मशीन, डिजिटल भुगतान, बचत एवं चालू खाते, सावधि जमा (FD), आवर्ती जमा (RD), गृह ऋण, वाहन ऋण, शिक्षा ऋण, कृषि ऋण, मुद्रा योजना, पेंशन योजना, बीमा योजनाओं और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
साइबर सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को साइबर ठगी से बचने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं देना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना भी है।
ग्राहकों का किया गया सम्मान
स्थापना दिवस के अवसर पर बैंक के उत्कृष्ट हितग्राहियों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें बैंक की नई सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राहकों ने भी बैंक द्वारा संचालित जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक बीजापुर के शाखा प्रबंधक अभिषेक कुमार, बैंक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।




