Balrampur Murder Case : शिक्षक की गला रेतकर हत्या, जमीन विवाद में दो सगे भाई गिरफ्तार, आरोपियों के घर में लगाई आग

Advertisement
Advertisement

हत्या के बाद गांव में तनाव, परिजनों के हंगामे के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा, अतिरिक्त बल तैनात

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शिक्षक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने अपने ही चचेरे भाई की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

स्कूल जाते समय की गई हत्या

पुलिस के अनुसार, जयकरण जगते राधानगर निवासी थे और प्राथमिक शाला कुम्हारियापारा (धमनी) में प्रधान पाठक (हेडमास्टर) के पद पर पदस्थ थे। सोमवार सुबह वे स्कूल के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों ने अपने चचेरे भाई जयकरण जगते की हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के घर में लगाई आग

शिक्षक की हत्या की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया।

गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Advertisement
Share This Article