Guru Purnima Sonkund : गुरु पूर्णिमा पर सोनकुंड में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 29 जुलाई को लगेगा एक दिवसीय मेला

Advertisement
Advertisement

सद्गुरु चरण पादुका पूजन, व्यास पूजा, भंडारा और भक्ति कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

पेण्ड्रा। गुरु-शिष्य परंपरा के प्रतीक पर्व गुरु पूर्णिमा पर 29 जुलाई 2026 को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रसिद्ध आस्था केंद्र मानस तीर्थ सोनकुंड में एक दिवसीय मेला एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

पूरे दिन होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन

आयोजक महंत शिवानंद जी एवं महंत पहिलानंद जी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सद्गुरु चरण पादुका पूजन, व्यास पूजा तथा सिद्धबाबा बेलगहना में विशेष पूजन-अर्चना की जाएगी। इसके साथ ही संगीत, रामायण पाठ और भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण रहेगा।

प्रशासन ने दिए आवश्यक व्यवस्था के निर्देश

गुरु पूर्णिमा मेले को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पेण्ड्रारोड ने मानस कल्याण समिति के आवेदन पर संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) एवं पुलिस विभाग की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी।

भक्तों से शामिल होने की अपील

मानस तीर्थ सोनकुंड के महंत महिपालानंद ने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरु ही मानव को अज्ञान से ज्ञान और भवसागर से मुक्ति का मार्ग दिखाते हैं। मानस कल्याण समिति ने सभी श्रद्धालुओं से गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Advertisement
Share This Article