तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, कटर मशीन से ट्रक का केबिन काटकर घायलों को सुरक्षित निकाला गया
जशपुर। जिले के लोरो घाट में हुए भीषण सड़क हादसे में जशपुर पुलिस के त्वरित रेस्क्यू अभियान से ट्रक में फंसे तीन लोगों की जान बचा ली गई। दुर्घटना के बाद करीब तीन घंटे तक चले कठिन बचाव अभियान में पुलिस, अग्निशमन दल, हाईवे पेट्रोलिंग, डायल-112 और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
कोयला लेकर रायपुर जा रहा ट्रक हुआ दुर्घटनाग्रस्त
जानकारी के अनुसार 15 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे धनबाद (झारखंड) से कोयला लेकर रायपुर जा रहा टाटा ट्रक क्रमांक JH-02-AM-6041 लोरो घाट में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग से टकरा गया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक, वाहन मालिक सहित तीन लोग केबिन में गंभीर रूप से फंस गए।
कटर मशीन से काटकर निकाले गए घायल
घटना की सूचना मिलते ही थाना दुलदुला पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग, डायल-112, अग्निशमन दल और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने कटर मशीन की मदद से ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन और स्टेयरिंग के हिस्से को सावधानीपूर्वक काटा। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल जशपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है और स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी की।
उन्होंने पुलिस टीम, हाईवे पेट्रोलिंग, डायल-112, अग्निशमन दल, पुलिस मितान सदस्यों और सहयोग करने वाले स्थानीय नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने साहस, संवेदनशीलता और बेहतर टीमवर्क का परिचय देकर तीन लोगों की जिंदगी बचाई।
रेस्क्यू टीम होगी सम्मानित
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने घोषणा की कि इस साहसिक रेस्क्यू अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य टीम सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
वहीं घायलों की मदद करने वाले आम नागरिकों के नाम गुड सेमिरिटन (नेक नागरिक) योजना के तहत लाभ दिलाने के लिए प्रशासन को भेजे जाएंगे।
सड़क हादसे में मदद के लिए आगे आएं नागरिक
डीआईजी एवं एसएसपी ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घटनास्थल से दूर जाने के बजाय तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 को सूचना दें। अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए घायलों की सहायता करें, क्योंकि समय पर मिली मदद किसी व्यक्ति की जान बचा सकती है।



