जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन होगा प्राथमिकता, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए निर्देश
बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला पंचायत के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर विभागीय कार्यों की जानकारी ली।
योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक पहुंचाने पर जोर
कार्यभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यालयीन व्यवस्थाओं और योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान Balrampur Zila Panchayat CEO डॉ. चतुर्वेदी ने जिला पंचायत कार्यालय के सभी कक्षों का भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संचालित विभागीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयीन व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
कोरिया जिले से हुआ स्थानांतरण
उल्लेखनीय है कि डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी इससे पहले कोरिया जिले में जिला पंचायत सीईओ के पद पर कार्यरत थे। वे राज्य प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2014 बैच के अधिकारी हैं और डिप्टी कलेक्टर सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।


