सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अस्पताल परिसर से चोरी की गई हीरो मैस्ट्रो स्कूटी बरामद
जशपुर। Jashpur Scooter Theft मामले का खुलासा करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई स्कूटी बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो मैस्ट्रो स्कूटी (CG-10 U-5513) जब्त की गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट की स्कूटी हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, जिला अस्पताल में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत अनिमा लकड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जुलाई 2026 की सुबह उन्होंने अपनी स्कूटी अस्पताल के सिटी स्कैन यूनिट के सामने पार्क की थी। दोपहर में ड्यूटी समाप्त होने पर लौटने पर स्कूटी गायब मिली। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान 13 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि मिलन चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जागेश्वर विश्वकर्मा (35 वर्ष), निवासी ग्राम तमया, थाना सन्ना, जिला जशपुर बताया और अस्पताल परिसर से स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया।
चाबी लगी देख की चोरी, नंबर भी मिटाया
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अस्पताल परिसर में स्कूटी में चाबी लगी हुई थी, जिसे देखकर उसके मन में चोरी का विचार आया। वह स्कूटी को अपने गांव ले गया और पहचान छिपाने के लिए वाहन के आगे और पीछे लिखे नंबर भी मिटा दिए। बाद में चोरी की स्कूटी लेकर जशपुर आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




