आईजी दीपक कुमार झा के नेतृत्व में चला अभियान, कुनकुरी और बगीचा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
जशपुर। सरगुजा रेंज में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात (Operation Aaghat Jashpur) के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में 552.16 किलोग्राम गांजा, 3 कार और कुल 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस कार्रवाई में 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो वाहन चालक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर दो स्थानों पर हुई कार्रवाई
पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में थाना कुनकुरी और बगीचा क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर उड़ीसा से अंबिकापुर की ओर तस्करी कर ले जाए जा रहे वाहनों को रोका।
कुनकुरी में इनोवा से 311 किलो गांजा बरामद
थाना कुनकुरी क्षेत्र में इनोवा कार (OD-17J-0205) की तलाशी लेने पर 311.35 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 46.70 लाख रुपये है। वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने गांजा और करीब 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार जब्त कर ली।
बगीचा में 240 किलो गांजा, 2 आरोपी गिरफ्तार
थाना बगीचा क्षेत्र में ब्रेजा और आर्टिगा कार से 240.810 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। ब्रेजा चालक फरार हो गया, जबकि आर्टिगा में सवार दो आरोपी सचिन्द्र राउत (29) और मोहम्मद समीर (26), दोनों निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा), को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने गांजा तस्करों की रेकी करना स्वीकार किया।
कुल 1.20 करोड़ से अधिक की जब्ती
दोनों मामलों में पुलिस ने 552.16 किलोग्राम गांजा (कीमत 82.82 लाख रुपये) तथा 3 कारें (कीमत 38 लाख रुपये) जब्त की हैं। इस प्रकार कुल जब्ती 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये की हुई है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वर्ष 2026 में अब तक 4 करोड़ से अधिक का गांजा जब्त
जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में नशे के खिलाफ अभियान के दौरान 1269.071 किलोग्राम गांजा (लगभग 4 करोड़ रुपये), 1840 कफ सिरप, 875 नशीले इंजेक्शन, 130 गांजा पौधे और ब्राउन शुगर जब्त की गई है। इस दौरान 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया तथा तस्करी में प्रयुक्त 14 वाहन भी जब्त किए गए।






