वन महोत्सव पर पौधारोपण, जागरूकता रैली और हरित शपथ के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मरवाही। Van Mahotsav Marwahi के तहत वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, मरवाही वनमंडल द्वारा ग्राम दानीकुंडी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वनमंडलाधिकारी ने किया पौधारोपण
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वनमंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्रकृति के आधार स्तंभ हैं और पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण कर उन्हें वृक्ष बनाया जाए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
पौधारोपण के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश देते हुए जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान “पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ” और “वन हैं तो जीवन है” जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में जनपद पंचायत मरवाही की अध्यक्ष जानकी खुसरो, जनपद सदस्य एवं वन सभा पति सावन सिंह टेकाम, सरपंच पिंकी देवेंद्र श्याम, दिनेश कुमार मार्को, सुखसेन सिंह धुर्वे, वन प्रबंधन समिति करगी के अध्यक्ष विशाल सिंह उरेती, दानीकुंडी समिति के अध्यक्ष जयसिंह सरौता, आधार सिंह खुसरो सहित जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने हरित शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। वनमंडल मरवाही ने इस आयोजन को हरित छत्तीसगढ़ और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बताया।





