Bilaspur Crime : बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या, चार अपचारी बालक फरार, पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

Advertisement
Advertisement

सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में वारदात से मचा हड़कंप, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में तैनात सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दी गई, जबकि वहां रह रहे चार अपचारी बालक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से फैली सनसनी

मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार खांडे, निवासी ग्राम अरईबंद, तखतपुर के रूप में हुई है। वे पिछले लगभग एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। सोमवार सुबह उनका शव परिसर में मिलने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

चार अपचारी बालकों की तलाश में नाकाबंदी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात के बाद बाल संप्रेक्षण गृह में रह रहे चार अपचारी बालक फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू की। फरार बालकों की तलाश के लिए जिलेभर में सर्च ऑपरेशन और नाकाबंदी की जा रही है।

कलेक्टर और एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। वहीं मृतक के परिजनों ने संस्थान के अधीक्षक और अन्य अधिकारियों पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

हत्या के कारणों की जांच जारी

पुलिस हत्या के कारणों, वारदात के घटनाक्रम और फरार अपचारी बालकों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

Advertisement
Share This Article