रायगढ़, 13 जुलाई। रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने ग्राम उदउदा में संचालित काट-पत्ती जुआ फड़ का भंडाफोड़ करते हुए 5 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹17,650 नकद, 52 पत्ती ताश, जुआ फड़ में प्रयुक्त सामग्री तथा करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के 8 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
पुलिस को रविवार शाम सूचना मिली थी कि ग्राम उदउदा के आगे आम रास्ते पर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। योजनाबद्ध घेराबंदी के दौरान पुलिस ने उमेश देवनाथ, कालीचरण साह, मधुसूदन मंडल, सुशांत दास एवं ओमप्रकाश यादव को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
नकदी, ताश और 8 दोपहिया वाहन जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹17,650 नकद, 52 पत्ती ताश, जुआ फड़ में प्रयुक्त बोरी का टुकड़ा तथा फड़ के पास खड़े 8 दोपहिया वाहन जब्त किए। जब्त वाहनों में सुपर स्प्लेंडर, होंडा एक्टिवा, टीवीएस जुपिटर, एचएफ डीलक्स, हीरो ग्लैमर, सीडी डीलक्स, होंडा शाइन और स्प्लेंडर शामिल हैं।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इसके साथ ही आरोपियों पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, एएसआई रामसंजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी तथा आरक्षक मनोज कुमार, विजयानंद राठिया, अनूप जॉनसन केरकेट्टा और बीरबल टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का स्पष्ट संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चलाया जा रहा “ऑपरेशन अंकुश” आगे भी लगातार जारी रहेगा। जुआ, सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




