श्री शनिदेव मंदिर परिसर में सेवा कार्य, 20 से अधिक महिला सदस्यों ने निभाई सक्रिय भूमिका
रायगढ़। सामाजिक संस्था जेसीआई रायगढ़ सिटी महिला विंग ने शनिवार को स्थानीय श्री शनिदेव मंदिर परिसर में सेवा कार्य आयोजित कर जरूरतमंदों के बीच छाते और खाद्य सामग्री का वितरण किया। मानसून और तेज धूप को देखते हुए आयोजित इस पहल को लोगों ने सराहा।
छाते के साथ कराया नाश्ता
संस्था की महिला सदस्यों ने मंदिर परिसर के बाहर बैठे जरूरतमंद लोगों को बारिश से बचाव के लिए छाते वितरित किए। इसके साथ ही समोसा, जलेबी, बिस्किट और लड्डू का नाश्ता भी कराया गया। सेवा कार्य के बाद सभी सदस्यों ने श्री शनिदेव महाराज के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
दिव्या मानव अग्रवाल के निर्देशन में हुआ आयोजन
कार्यक्रम का संचालन प्रोग्राम डायरेक्टर दिव्या मानव अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन में संस्था की सचिव मधु अग्रवाल सहित 20 से अधिक महिला सदस्य उपस्थित रहीं और सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।
समाजसेवा के कार्य आगे भी रहेंगे जारी
महिला विंग की अध्यक्षा प्रीति पंकज अग्रवाल ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है।” उन्होंने बताया कि संस्था भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए इसी प्रकार के सामाजिक और सेवा कार्य निरंतर करती रहेगी। कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी सदस्यों और सहयोगियों का उन्होंने आभार भी व्यक्त किया।





