Sarguja Police : किरायेदारों और मुसाफिरों की सघन जांच, 750 लोगों का भौतिक सत्यापन

Advertisement
Advertisement

डीआईजी-एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिलेभर में चला विशेष अभियान, मकान मालिकों को भी दिए सख्त निर्देश

अंबिकापुर। जिले में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (IPS) के निर्देशन में किरायेदारों एवं मुसाफिरों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सघन जांच करते हुए लगभग 750 लोगों का भौतिक सत्यापन किया।

350 मकानों की जांच, बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन

अभियान के दौरान थाना गांधीनगर, कोतवाली, मणिपुर सहित अन्य शहरी एवं ग्रामीण थाना क्षेत्रों में पुलिस ने करीब 350 मकानों की जांच की। सुभाषनगर, भगवानपुर, फूंदुरडिहारी, नवागढ़, सत्तीपारा, बंजारी, लक्ष्मीपुर और मठपारा समेत कई बस्तियों में बाहर से रह रहे लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया।

मकान मालिकों को दी गई चेतावनी

पुलिस ने मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर मकान न दें। किरायेदार का पहचान पत्र, मोबाइल नंबर, स्थायी पता एवं अन्य आवश्यक जानकारी संबंधित थाना या चौकी में अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जाएगी पैनी नजर

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और मुसाफिरों का सत्यापन अभियान लगातार जारी रखा जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या बिना सत्यापन के रह रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल डायल 112 या पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Advertisement
Share This Article