लखनपुर और मेण्ड्राकला में शाला प्रवेश उत्सव में हुए शामिल
अंबिकापुर। पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय, लखनपुर तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेण्ड्राकला में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में शामिल होकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाई, अध्ययन सामग्री वितरित की और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
“शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव”
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया।
छात्राओं को साइकिल, विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री
मेण्ड्राकला विद्यालय में मंत्री ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण जैसी योजनाएं बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। दोनों विद्यालयों में नवप्रवेशी विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री भी प्रदान की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना, किया पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मंत्री ने सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियां भी व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
शिक्षकों और अभिभावकों से किया सहयोग का आग्रह
मंत्री ने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।







