मरवाही स्टैंड पर कांग्रेस का प्रदर्शन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के पूर्व कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी (GPM) ने मरवाही स्टैंड में प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके बाद कांग्रेसियों ने पुतला दहन किया।
केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का लगाया आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से ईडी (ED) और ईओडब्ल्यू (EOW) जैसी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।
रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी का किया विरोध
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं को दबाने और राजनीतिक लाभ लेने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।
बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजमती भानु, पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, जिला उपाध्यक्ष नारायण शर्मा, छाया विधायक गुलाब सिंह राज, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दया वाकर, जिला प्रवक्ता वीरेंद्र बघेल सहित कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


