यूनिसेफ जिला समन्वयक ने बालिकाओं को दी महत्वपूर्ण जानकारी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी के मार्गदर्शन में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (KGBV) कुम्हारी में बालिकाओं की सामूहिक काउंसलिंग आयोजित की गई। यूनिसेफ की जिला समन्वयक सरस्वती यादव ने सुरक्षित एवं मित्रतापूर्ण माहौल में बालिकाओं को सुरक्षा, शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
सुरक्षा, POCSO और सामाजिक कुरीतियों पर हुई चर्चा
काउंसलिंग के दौरान बालिकाओं को POCSO Act, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि बिना परिवार या विद्यालय को बताए कहीं भी अकेले न जाएं तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति की तुरंत जानकारी जिम्मेदार लोगों को दें।
शिक्षा और करियर पर दिया गया विशेष जोर
बालिकाओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपना करियर लक्ष्य तय करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही संविधान के तहत मिलने वाले शिक्षा, समानता, सुरक्षा, स्वास्थ्य और पोषण जैसे अधिकारों की जानकारी भी दी गई।
KGBV की सुविधाओं से कराया अवगत
कार्यक्रम में बताया गया कि कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को आवास, भोजन, पाठ्यपुस्तकें, स्टेशनरी और यूनिफॉर्म सहित सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही जीवन कौशल, व्यक्तित्व विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
बालिका सुरक्षा समिति का गठन
कार्यक्रम के अंत में मतदान प्रक्रिया के माध्यम से विद्यालय में बालिका सुरक्षा समिति का गठन किया गया। समिति के सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।




