मैनपाट बाइकर्स गैंग : सड़क जाम और हुड़दंग पर FIR दर्ज, सरगुजा पुलिस करेगी सख्त कार्रवाई

Advertisement
Advertisement

बाइकर्स गैंग के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन

सरगुजा। मैनपाट क्षेत्र में बाइकर्स समूह द्वारा सड़क जाम करने, तेज रफ्तार में स्टंटबाजी करने और मॉडिफाइड साइलेंसर की तेज आवाज से आम लोगों को परेशान करने के मामले में थाना कमलेश्वरपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर मामले में सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सड़क जाम कर किया गया था हुड़दंग

पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 को बड़ी संख्या में बाइकर्स मैनपाट पहुंचे और दो-तीन सवारी बैठाकर तेज रफ्तार एवं लापरवाही से बाइक चलाते हुए स्टंटबाजी की। इसके बाद अंबिकापुर, कापू और सीतापुर रोड घाट में झुंड बनाकर सड़क पर बाइक खड़ी कर दी गईं और तेज आवाज में एक्सीलेटर देकर हुड़दंग मचाया गया। इससे यातायात बाधित हुआ और आम लोगों में भय का माहौल बन गया।

इन धाराओं में मामला दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 41/26 के तहत बीएनएस की धारा 281, 190, 189, 126, 270 और 285 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाइकर्स एवं उनके वाहनों की पहचान कर रही है।

लगातार चलेगा चेकिंग अभियान

डीआईजी एवं एसएसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि बाइकर्स गैंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर वाहनों की जांच की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट और अन्य कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने जारी की अपील

सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी पर्यटन स्थल या सार्वजनिक स्थान पर बाइकर्स गैंग द्वारा सड़क जाम, स्टंटबाजी या तेज आवाज वाले साइलेंसर से लोगों को परेशान करने की सूचना मिले तो तत्काल 9479193599 या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Advertisement
Share This Article