Krishi Yojana Ambikapur : सेलो बोर और आधुनिक कृषि यंत्रों से बदली किसान परिवार की तस्वीर, खेती बनी हाईटेक

Advertisement
Advertisement

कृषि विभाग की योजनाओं से सिंचाई सुविधा बढ़ी, उत्पादन और आय में हुआ इजाफा

अम्बिकापुर। जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए संचालित शासन की योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में खेती का स्वरूप बदल रही हैं। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) और कृषि अभियांत्रिकी योजनाओं के माध्यम से किसानों को सिंचाई सुविधाएं और आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खेती अब अधिक आसान, लाभकारी और आत्मनिर्भर बन रही है।

नावाबांध के किसान मुकुल राजवाड़े को मिला योजनाओं का लाभ

अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम नावाबांध निवासी किसान मुकुल राजवाड़े का परिवार कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर उन्नत खेती की दिशा में आगे बढ़ रहा है। किसान ने बताया कि उन्हें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत सेलो बोर (बोरवेल) की सुविधा और अनुदान प्राप्त हुआ। इसके अलावा कृषि अभियांत्रिकी योजना के अंतर्गत ट्रैक्टर सहित कई आधुनिक कृषि उपकरण भी उपलब्ध कराए गए।

सिंचाई सुविधा मिलने से वर्षा पर निर्भरता हुई कम

मुकुल राजवाड़े ने बताया कि पहले सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं होने के कारण खेती पूरी तरह बारिश पर निर्भर रहती थी। सेलो बोर स्थापित होने के बाद अब सालभर सिंचाई की सुविधा मिल रही है। इससे धान की नर्सरी तैयार करने के साथ-साथ सब्जी उत्पादन भी नियमित रूप से किया जा रहा है। बेहतर सिंचाई व्यवस्था से उत्पादन बढ़ा है और अतिरिक्त आय के अवसर भी मिले हैं।

35 लाख रुपये के कृषि यंत्रों पर मिला 16 लाख रुपये का अनुदान

किसान मुकुल राजवाड़े ने बताया कि उनके परिवार के पास करीब 8 से 9 एकड़ कृषि भूमि है, जहां आधुनिक तकनीक के माध्यम से खेती की जा रही है। ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरणों की मदद से जुताई, बुवाई और कटाई जैसे कार्य समय पर पूरे हो जाते हैं, जिससे मजदूरी लागत कम हुई है।

उन्होंने बताया कि उनके पिता पवन राजवाड़े को कृषि अभियांत्रिकी योजना के तहत ट्रैक्टर, रोटावेटर, सीड ड्रिल, सिंचाई पंप, स्प्रेयर, रीपर और थ्रेशर जैसे उपकरण मिले हैं। इन उपकरणों की कुल लागत करीब 35 लाख रुपये रही, जिसमें शासन की ओर से लगभग 16 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया गया।

आधुनिक खेती से आत्मनिर्भर बन रहा किसान परिवार

किसान मुकुल राजवाड़े ने कहा कि कृषि विभाग की योजनाओं से उनका परिवार अब उन्नत खेती की ओर बढ़ रहा है। आधुनिक कृषि यंत्रों और सिंचाई सुविधाओं से खेती अधिक वैज्ञानिक, सुविधाजनक और लाभकारी बन गई है।

उन्होंने शासन की किसान हितैषी योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने उनके परिवार की खेती को नई दिशा दी है। आधुनिक कृषि सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिल रही है।

Advertisement
Share This Article