राजपुर वन परिक्षेत्र के बासेन सर्किल के भेड़ाघाट और गोपालपुर सर्किल के ठरकी गांव में हुई कार्रवाई, छत्तीसगढ़ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत बासेन सर्किल के भेड़ाघाट और गोपालपुर सर्किल के ठरकी गांव में वन विभाग ने डीएफओ आलोक बाजपेयी के निर्देश पर ढाई एकड़ वन भूमि से अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान 1 ट्रैक्टर जब्त कर 7 लोगों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
वन मंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी के पदस्थ होने के बाद से वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों और वन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। वन विभाग को सूचना मिली थी कि बासेन सर्किल के भेड़ाघाट गांव में लगभग 2 एकड़ वन भूमि पर भेड़ाघाट निवासी राजकुमार यादव पिता जनकलाल यादव, गंगा यादव पिता रामधनी यादव, संतोष यादव पिता अवध यादव, प्रवीण यादव पिता अवध यादव, इंद्रदेव यादव पिता रामधनी यादव एवं बसंत यादव पिता रामधनी यादव ने कब्जा कर झोपड़ी बनाकर जोताई शुरू कर दी है।
सूचना मिलने पर वन विभाग ने इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों वन मंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी एवं उप वन मंडलाधिकारी आरएसएल श्रीवास्तव को दी। अधिकारियों के निर्देश पर डिप्टी रेंजर सुशील ठाकुर, सुनीता, विक्रम बखला, पुनीत सिंह, राजेश कुमार, जगेश्वर राम सहित वन अमले ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया और 6 लोगों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
इसी तरह गोपालपुर सर्किल के ठरकी गांव में आधा एकड़ वन भूमि पर देवनारायण यादव पिता रामजीत यादव द्वारा कब्जा कर ट्रैक्टर से जोताई की जा रही थी। सूचना पर डिप्टी रेंजर मालती मांझी वन एवं पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचीं और 1 ट्रैक्टर जब्त कर देवनारायण यादव के विरुद्ध छत्तीसगढ़ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इस तरह दोनों स्थानों पर कुल ढाई एकड़ वन भूमि से अतिक्रमण हटाते हुए 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया और 7 लोगों पर वैधानिक कार्रवाई की गई। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है।





