Disha Samiti Meeting : सांसद चिंतामणि महाराज ने की योजनाओं की समीक्षा, खाद-बीज की कालाबाजारी रोकने और विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

Advertisement
Advertisement

अंबिकापुर में दिशा समिति की बैठक, विभागवार योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा

अंबिकापुर। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज की अध्यक्षता में बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश

बैठक में सांसद ने किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना में निर्माण कार्य तेज करने पर जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान स्वीकृत, निर्माणाधीन और अप्रारंभ आवासों की जानकारी ली गई। सांसद ने हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान कर निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा अधिकारियों को लगातार फील्ड मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

सड़क, बिजली और नेटवर्क व्यवस्था सुधारने के निर्देश

सांसद ने जिले की सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। अंबिकापुर शहर में बिजली कटौती पर चिंता जताते हुए गुणवत्तापूर्ण बिजली केबल लगाने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं नेटवर्क विहीन क्षेत्रों का सर्वे कर बीएसएनएल से आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।

शिक्षा व्यवस्था सुधारने और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की बात

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को संस्कार और व्यवहारिक ज्ञान देने पर जोर दिया। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर नियमित मॉनिटरिंग करने, भवनविहीन और जर्जर स्कूलों, शौचालय, पेयजल तथा एकल शिक्षकीय विद्यालयों में अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष्मान योजना की भी हुई समीक्षा

बैठक में मौसमी एवं वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा की गई। सांसद ने लोगों में जागरूकता बढ़ाने, स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से उपचार में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।

राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण पर दिया जोर

राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद ने फौती नामांतरण सहित सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन, पीएम जनमन योजना और विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं

बैठक के अंत में सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने तथा सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का आह्वान किया।

Advertisement
Share This Article