रेल मंत्री के नाम भेजा गया ज्ञापन, ट्रेनों की लेटलतीफी दूर करने और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की भी उठाई मांग
चक्रधरपुर। नागरिक सुविधा समिति मनोहरपुर के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को सुशील बारला के नेतृत्व में चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया से मुलाकात कर विभिन्न जनहित मांगों को लेकर दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। प्रतिनिधिमंडल ने मनोहरपुर में ओवरब्रिज एवं अंडरपास निर्माण, ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था में सुधार तथा प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई।
रेल मंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन
प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम डीआरएम के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए मनोहरपुर में लंबे समय से लंबित ओवरब्रिज और अंडरपास निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि इन सुविधाओं के अभाव में स्थानीय लोगों को आवागमन में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए जनहित को देखते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए।
ट्रेनों की लेटलतीफी और ठहराव का भी उठाया मुद्दा
डीआरएम को सौंपे गए दूसरे ज्ञापन में चक्रधरपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी में सुधार करने की मांग की गई। साथ ही सभी प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में संचालित टाटा–एल्लेपी–टाटा एक्सप्रेस के पुनः संचालन और उसका मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव बहाल करने की भी मांग रखी।
डीआरएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
डीआरएम तरुण हुरिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को उचित अनुशंसा के साथ संबंधित अधिकारियों को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज और अंडरपास से जुड़े विषयों पर संबंधित विभागों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में सेवानिवृत्त शिक्षक अश्विनी बघेल, निसार अहमद, सीमा मुंडारी, बलदेव जाते और मनोज नायक भी शामिल रहे।


