राजपुर के हुडहुड नाला में मिला शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस; मेडिकल कॉलेज भेजा गया शव
बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौरा के हुडहुड नाला के पास एक महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
नाला किनारे मिला शव, ग्रामीणों ने दी सूचना
जानकारी के अनुसार ग्राम चौरा के सरपंच ने मोबाइल फोन के जरिए पुलिस को सूचना दी कि हुडहुड नाला के पास एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
पुलिस, FSL और डॉक्टरों की टीम ने किया निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देश पर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह, एफएसएल (FSL) टीम, सीन ऑफ क्राइम यूनिट और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि महिला का शव काफी पुराना और सड़-गल चुका था।
शव की हालत गंभीर, जंगली जानवरों के नोचने के निशान
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 25 से 45 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव पर जंगली जानवरों द्वारा नोचे जाने के निशान भी मिले हैं। महिला ने काले रंग का पेटीकोट और पीले रंग का ब्लाउज पहन रखा था, जिसके आधार पर उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
पहचान के लिए परिजनों को बुलाया गया
पुलिस ने बताया कि खड़गवां चौकी क्षेत्र के पंपापुर गांव से एक महिला के लापता होने की सूचना पहले से दर्ज है। इसी आधार पर शिनाख्त के लिए परिजनों को बुलाया गया है।
मौत का कारण अब भी रहस्य
फिलहाल महिला की मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।


