अभियान संवेदना के तहत दुष्कर्म का आरोपी सक्ती से गिरफ्तार, महिला थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Advertisement

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रायगढ़। महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान संवेदना (Abhiyan Samvedna) के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महिला थाना रायगढ़ ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी को सक्ती जिले से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

शादी का भरोसा देकर बनाए संबंध, बाद में किया इनकार

पीड़िता (28) ने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में निजी वित्तीय कंपनी से ऋण लेने के दौरान उसकी पहचान कंपनी में फाइनेंसर के रूप में कार्यरत हितेश कुमार केंवट से हुई थी। लोन संबंधी काम से आरोपी का उसके घर आना-जाना शुरू हुआ।

शिकायत के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने विवाह का भरोसा दिलाया और रायगढ़ स्थित युवती के किराये के मकान में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में अप्रैल 2026 में युवती को जानकारी मिली कि हितेश की शादी किसी अन्य युवती से तय हो गई है।

घर पहुंचकर किया विरोध, आरोपी ने शादी से किया इंकार

पीड़िता जब आरोपी के घर पहुंची और उसके परिजनों से बात की, तब आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने महिला थाना पहुंचकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धारा 69 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा धारा 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

सक्ती जिले के डभरा से दबिश देकर गिरफ्तारी

थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में गठित टीम ने सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी हितेश कुमार केवट (26) को हिरासत में लिया।

पूछताछ, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

महिला थाना टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे तथा महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों पर शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article