Winbigpro प्लेटफॉर्म से देशभर में फैला था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, मैच से पहले डेटा देकर दिलाता था अवैध फायदा
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर देशभर में फैले सट्टा सिंडिकेट को तकनीकी सहायता और सट्टा आईडी उपलब्ध कराने का आरोप है।
न्यू शंकरनगर से दबिश, भागने की कोशिश नाकाम
सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने न्यू शंकरनगर स्थित मकान पर दबिश दी, जहां आरोपी को पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान आदर्श कुमार केशरी (28 वर्ष), निवासी न्यू शंकरनगर, रायगढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी बरामद हुए।
बीटेक इंजीनियर चला रहा था हाईटेक सट्टा नेटवर्क
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बीटेक इंजीनियर है और दिल्ली की एक आईटी कंपनी में कार्यरत है। वर्ष 2025 में उसकी मुलाकात रायपुर और बिहार के दो युवकों से हुई, जो नोएडा की आईटी कंपनियों से जुड़े हैं। इसके बाद वह “Winbigpro” नामक सट्टा प्लेटफॉर्म के तकनीकी संचालन में शामिल हो गया और इसके बदले उसे 20% कमीशन मिलता था।
टीवी से 5 सेकेंड पहले डेटा, इसी से चलता था सट्टा खेल
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी और उसके साथियों ने ऐसी वेबसाइट विकसित की थी, जिसमें क्रिकेट मैच का लाइव डेटा टीवी प्रसारण से लगभग 5 सेकेंड पहले दिखाया जाता था। इसी तकनीकी बढ़त का फायदा उठाकर सटोरिये बॉल-टू-बॉल सट्टेबाजी में भारी मुनाफा कमाते थे।
गिरोह अलग-अलग डोमेन और वेबसाइट बनाकर रायपुर, भिलाई, बिलासपुर सहित देश के कई शहरों में सट्टा आईडी सप्लाई करता था।
सोशल मीडिया से लेकर पेमेंट सिस्टम तक फैला नेटवर्क
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस गिरोह ने सोशल मीडिया प्रमोशन, आईडी बिक्री, वेबसाइट निर्माण और भुगतान व्यवस्था के लिए अलग-अलग टीमें बना रखी थीं। सुरक्षा से बचने के लिए वेबसाइट, यूजर आईडी और पासवर्ड समय-समय पर बदले जाते थे।
आरोपी भुगतान और विड्रॉल सिस्टम में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
इलेक्ट्रॉनिक सबूत जब्त, आईटी एक्ट में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सैमसंग S23 और वनप्लस मोबाइल जब्त किए हैं। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले की जांच जारी है और पूरे सट्टा सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।




