रायगढ़ में चबूतरा के पास तलवार से हमला: कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 3 युवक गिरफ्तार व एक किशोर अभिरक्षा में

Advertisement
Advertisement

राम मंदिर क्षेत्र में मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने धांगरडीपा में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा

रायगढ़। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राम मंदिर करमकांड चबूतरा के पास हुई तलवारबाजी और मारपीट की घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

देर रात बातचीत के दौरान हमला, दो युवक घायल

प्रार्थी दिलीप कुमार चौबे (54 वर्ष), निवासी बैकुंठपुर रायगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ड्राइवरी का काम करता है। 05 जून 2026 की रात करीब 12:30 बजे वह अपने मित्र गौतम सिंह के साथ राम मंदिर करमकांड चबूतरा पर बैठा था। इसी दौरान करीब 3 बजे भावेश निषाद उर्फ बिट्टु अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए लोहे की तलवार से हमला कर दिया।

इस हमले में दिलीप चौबे के दाहिने पैर और गौतम सिंह के बाएं हाथ में चोट आई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, धांगरडीपा में दबिश

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धांगरडीपा क्षेत्र में दबिश दी। यहां से आरोपी भावेश निषाद उर्फ बिट्टु, विशाल यादव, साई यादव और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया।

आर्म्स एक्ट की धारा जोड़ी गई, तलवार से हमला हुआ था साबित

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने स्कूटी का उपयोग करते हुए तलवार से हमला किया था। इसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में गुंडागर्दी, हथियारों का प्रदर्शन और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली गतिविधियों पर किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

गिरफ्तार आरोपी

  • भावेश निषाद उर्फ बिट्टु (20 वर्ष), धांगरडीपा
  • विशाल यादव (18 वर्ष 8 माह), धांगरडीपा
  • साई यादव (20 वर्ष), धांगरडीपा
  • एक विधि से संघर्षरत बालक
Advertisement
Share This Article