प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान
रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल, ऐतिहासिक और गौरवमयी शासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विश्व पर्यावरण दिवस के तहत रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोईंग भाजपा मंडल द्वारा ग्राम पंचायत सियारपाली में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला भाजपा मंत्री एवं मंडल प्रभारी पावन अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर पावन अग्रवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बरगद, पीपल, नीम सहित कई पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
अभियान के दौरान स्थानीय तालाब की मेड़ पर बरगद, पीपल, नीम, गुलमोहर, आम और जामुन सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। जिला भाजपा मंत्री पावन अग्रवाल ने स्वयं बरगद एवं गुलमोहर के पौधे लगाकर अभियान में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह धरती माँ के प्रति कृतज्ञता और अपनी माँ के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पौधे लगाने के साथ संरक्षण का भी लिया संकल्प, कार्यकर्ताओं ने निभाने का वादा किया दायित्व
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि केवल पौधरोपण ही नहीं किया गया, बल्कि उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों, युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया।
भाजपा पदाधिकारियों, महिला मोर्चा और ग्रामीणों की रही बड़ी भागीदारी
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिला भाजपा मंत्री एवं लोईंग भाजपा मंडल प्रभारी पावन अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष मिनिकेतन प्रधान, महामंत्री छबि पटेल, महामंत्री मुरारी अग्रवाल, किसान मोर्चा जिला महामंत्री राजीव बेहरा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सरोज भोय सहित भाजपा, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा ग्राम पंचायत सियारपाली की सरपंच शांति मेहर, जनपद पंचायत सदस्यगण, महिला कार्यकर्ता, सामाजिक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


